Latest Updates

सुशांत ने अनेक यादगार किरदारों को जीवंत किया : उपराष्ट्रपति

नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने रविवार को बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर शोक व्यक्त किया और  अपने एक ट्वीट में कहा, “युवा और प्रतिभाशाली अभिनेता, सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। उन्होंने सिल्वर स्क्रीन पर कई यादगार किरदारों को जीवंत किया।”

उन्होंने कहा, “सुशांत सिंह राजपूत कई युवाओं के लिए एक प्रतीक और प्रेरणा थे। उन्होंने हमें बहुत जल्द छोड़ दिया। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

राजपूत (34) मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। उन्होंने मुंबई शिफ्ट होने से पहले पटना और नई दिल्ली में पढ़ाई की थी। राजपूत को नीरज पांडे की 2016 में रिलीज हुई ‘एमएस धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी’ में अपनी मुख्य भूमिका के लिए विशेष रूप जाना जाता है, जो कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक है।

उन्होंने अभिषेक कपूर की 2013 में रिलीज हुई काई पो चे से अपने फिल्मी करियर की शुरूआत की थी। इसके बाद वह डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी, राब्ता, केदारनाथ और शुद्ध देसी रोमांस जैसी फिल्मों में नजर आए।

फिल्मों में आने से पहले सुशांत ने टीवी सीरियल में भी काम किया था। उन्होंने काफी लोकप्रिय रहे पवित्र रिश्ता सीरियल में काम किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *