Latest Updates

देश में घटने लगे कोरोना के नए मामले, दिल्ली में एक हजार और कर्नाटक में आए 4 हजार से अधिक केस, जानिए अन्य राज्यों का हाल

देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में समग्र रूप से सुधार नजर आने लगा है। नए मामले घट रहे हैं, दैनिक और साप्ताहिक संक्रमण दर कम हो रही है और सक्रिय मामलों में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। केरल सरकार द्वारा पिछले कुछ दिनों से पहले हुई मौतों को नए आंकड़ों के साथ जारी करने से मौतों की संख्या जरूर बढ़ी हुई नजर आ रही है, लेकिन महामारी की वजह से वास्तविक मौतों में भी कमी आई है। मंगलवार शाम को जारी हुए आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में कोरोना के 1,114 नए मामले सामने आए हैं। 2,079 लोग ठीक हुए हैं और 12 लोगों की मृत्यु हुई है। दिल्ली में अब कोरोना के 6,908 सक्रिय मामले हैं।

जानिए देश के प्रमुख राज्यों कोरोना के नए मामले

-कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में 4,452 कोरोना के नए मामले आए हैं। 19,067 रिकवरी और 51 मौतें दर्ज की गईं हैं। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 72,414 हैं।

-तमिलनाडु में कोरोना के 4,519 नए मामले आए हैं। इस दौरान 20,237 लोग ठीक हुए हैं और 37 लोगों की मृत्यु हुई है।

 महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोरोना वायरस के 447 नए मामले आए हैं। 798 लोग ठीक हुए हैं और एक मृत्यु हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या 4,783 है।

– असम में कोरोना वायरस के 431 नए मामले आए हैं। 1,246 लोग ठीक हुए हैं और 8 लोगों की मृत्यु हुई है।

 पश्चिम बंगाल में कोरोना के 736 नए मामले आए हैं। इस दौरान 1,559 लोग ठीक हुए हैं और 32 लोगों की मृत्यु हुई है।

बीते 24 घंटे में सक्रिय मामलों में 1.14 लाख की आई कमी

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार सुबह आठ बजे के नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में सक्रिय मामलों में 1.14 लाख की कमी आई है। अब सक्रिय मामले 9,94,891 रह गए हैं जो कुल मामलों का 2.35 प्रतिशत है। 11 जनवरी को सक्रिय मामले 9.55 लाख थे। इस दौरान 67,597 नए मामले मिले। इससे कम 55 हजार मामले चार जनवरी को पाए गए थे।

उपरोक्त अवधि में 1,188 मौतें हुई हैं, जिसमें 860 मौतें अकेले केरल से हैं। इसमें भी केरल में पिछले एक दिन में सिर्फ 14 मौतें हुई हैं, बाकी के आंकड़े पहले हुई मौतों के हैं।

मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 96.46 प्रतिशत

इस तरह एक दिन में देशभर में 342 मौतें ही हुई हैं। दैनिक संक्रमण दर 5.02 प्रतिशत और साप्ताहिक संक्रमण दर 8.30 प्रतिशत दर्ज की गई है। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 96.46 प्रतिशत हो गई है और मृत्युदर 1.19 प्रतिशत पर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *